शिक्षा विभाग की त्वरित कार्रवाई से व्यवस्थाओं में आया सुधार, खेल, आधारभूत सुविधाओं, छात्र सुरक्षा और शैक्षिक गुणवत्ता पर निरंतर फोकस

Jul 24, 2026 - 08:23
 0  22
शिक्षा विभाग की त्वरित कार्रवाई से व्यवस्थाओं में आया सुधार, खेल, आधारभूत सुविधाओं, छात्र सुरक्षा और शैक्षिक गुणवत्ता पर निरंतर फोकस

जेएमबी न्यूज़ गौतमबुद्धनगर संवाददाता

गौतम बुद्ध नगर :- बेसिक शिक्षा विभाग जनपद में शिक्षा व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने से लेकर विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, छात्र सुरक्षा तथा निर्वाचन संबंधी दायित्वों के बीच शिक्षण कार्य को निर्बाध बनाए रखने तक विभाग द्वारा समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

     विभाग द्वारा शासन एवं शिक्षा निदेशालय के निर्देशों के अनुपालन में परिषदीय विद्यालयों में खेल सामग्री की उपलब्धता तथा खेलकूद प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं, जिससे विद्यार्थियों की खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराया जा सके।

      विद्यालयों की आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के क्रम में काशीराम आवासीय योजना क्षेत्र में संचालित विद्यालय को जर्जर भवन से सुरक्षित चार कक्षीय भवन में स्थानांतरित किया गया है। ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत 19 में से 16 मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। साथ ही विद्यालय के लिए स्थायी भूमि आवंटन एवं नवीन भवन निर्माण हेतु नोएडा प्राधिकरण से लगातार पत्राचार किया जा रहा है तथा खेल मैदान उपलब्ध कराने के लिए भी अनुरोध किया गया है।

       निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष पुनरीक्षण अभियान में शिक्षकों की ड्यूटी लगाए जाने के बावजूद बेसिक शिक्षा विभाग ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि विद्यालयों का शिक्षण कार्य किसी भी स्थिति में प्रभावित न होने पाए। इसके लिए निर्वाचन कार्य एवं शिक्षण व्यवस्था के बीच समुचित समन्वय सुनिश्चित किया जा रहा है।

       छात्र हित एवं सुरक्षा के मामलों में भी विभाग पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है। छात्र से संबंधित शिकायत की निष्पक्ष जांच कराई गई, जिसमें अभिभावकों ने स्वयं लिखित रूप से छात्र के स्वस्थ होने तथा किसी प्रकार की शिकायत न होने की जानकारी दी। जांच में भी आरोपों की पुष्टि न होने पर नियमानुसार प्रकरण का निस्तारण किया गया।

       बेसिक शिक्षा विभाग का कहना है कि जनपद में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, खेल संस्कृति के विकास, सुरक्षित विद्यालयी वातावरण तथा आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास जारी हैं। विभाग प्रत्येक प्राप्त प्रकरण का तथ्यों के आधार पर समयबद्ध निस्तारण करते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow