थाना फेज 3 क्षेत्र के मामूरा सेक्टर 66 मे भीषण आग दो की मौत

Jul 15, 2026 - 16:11
 0  0
थाना फेज 3 क्षेत्र के मामूरा सेक्टर 66 मे भीषण आग दो की मौत

जेएमबी न्यूज़ विशेष वरिष्ठ संवाददाता सुनील अवाना 

नोएडा :- थाना फेस-3 क्षेत्रांतर्गत गली नं0 2 मामूरा में G-4 के ग्राउण्ड फ्लोर में इलेक्ट्रिक वाहन की बैटरी चार्ज पर लगे होने से उत्पन्न स्पार्क के कारण आसपास खड़े पेट्रोल वाहनों द्वारा आग पकड़ ली गई। सूचना पर तत्काल फायर सर्विस यूनिट की 07 फायर टेंडर व हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म, मुख्य शमन अधिकारी तथा स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य प्रारंभ किया। आग को पूर्ण रूप से बुझा दिया गया। उल्लेखनीय है, कि यह भवन जी-4 है, जिसमें लगभग 50 परिवार आवासित थे, जिन्हें रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान सकुशल बाहर निकाला गया तथा धुएं से 02 व्यक्तियों के स्वास्थ्य बिगड़ने के कारण तत्काल एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल भिजवाया गया जहां चिकित्सकों द्वारा 01 महिला व 01 पुरुष को मृत घोषित कर दिया गया। उल्लेखनीय है कि थाना फेस-3 पर मकान मालिक/ लीज धारक के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है एवं आरोपी को हिरासत में लिया गया है। अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

नोएडा के ममूरा गांव (सेक्टर-66) में एक 5 मंजिला आवासीय इमारत में इलेक्ट्रिक स्कूटी चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई, जिसमें दम घुटने से दो की दर्दनाक मौत हो गई और दमकल विभाग ने सूझबूझ से करीब 50 परिवारों को सकुशल रेस्क्यू कर बाहर निकाला है। इस हृदयविदारक घटना पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) ने गहरा संज्ञान लिया है और प्रशासन को युद्धस्तर पर राहत व बचाव कार्य चलाने के कड़े निर्देश जारी किए हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लापरवाही के आरोप में इमारत के मालिक और पट्टाधारक (लीजहोल्डर) को हिरासत में ले लिया है। बता दें कि नोएडा के सेक्टर-66 स्थित ममूरा गांव की एक 5 मंजिला (G+4) आवासीय इमारत में बुधवार दोपहर को अचानक चीख-पुकार मच गई। शुरुआती जांच के अनुसार, ग्राउंड फ्लोर पर बनी पार्किंग में एक इलेक्ट्रिक स्कूटी/बाइक को चार्जिंग पर लगाया गया था। चार्जिंग के दौरान अचानक उसमें भयंकर शॉर्ट सर्किट और स्पार्किंग हुई, जिससे बैटरी में जोरदार धमाका हुआ। पार्किंग में खड़ी अन्य पेट्रोल गाड़ियों ने भी तेजी से आग पकड़ ली, जिससे देखते ही देखते करीब 10 वाहन धू-धू कर जलने लगे।ग्राउंड फ्लोर पर लगी आग का भयंकर और जहरीला काला धुआं सीढ़ियों के रास्ते ऊपर की मंजिलों की तरफ फैल गया। इस इमारत में करीब 50 से अधिक कमरे थे, जिनमें लगभग 50 परिवार और पीजी (PG) में रहने वाले छात्र-छात्राएं निवास कर रहे थे। नीचे आग और ऊपर दम घोंटू धुएं के कारण लोग बालकनी और कमरों में फंस गए और मदद के लिए गुहार लगाने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने तीन अलग-अलग टीमें बनाकर बालकनी और खिड़कियों के रास्ते सीढ़ियां लगाकर भीषण आग के बीच से सभी परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाला।बचाव कार्य के दौरान सभी लोगों को बाहर निकाल लिया गया था, लेकिन जहरीले धुएं के कारण दो व्यक्तियों की हालत बेहद गंभीर हो गई थी। धुएं के अत्यधिक सेवन (Smoke Inhalation) से उनका दम घुट गया था। एम्बुलेंस के जरिए उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मुख्यमंत्री कार्यालय ने लिया संज्ञान : तेजी से राहत बचाव कार्य के दिए निर्देश!

इस दर्दनाक हादसे की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) ने तुरंत घटना का संज्ञान लिया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने स्थानीय प्रशासन और वरिष्ठ अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज और राहत कार्य में कोई कसर न छोड़ने के निर्देश दिए हैं। वहीं, इस मामले की गंभीरता को देखते हुए फेज-3 थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है और इमारत के मालिक व लीजहोल्डर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow