'पात्र लोगों को हर हाल में मिले सरकारी योजनाओं का लाभ', जनता दर्शन में सीएम योगी का बड़ा संदेश

गोरखपुर में आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ और समस्याओं का त्वरित समाधान पहुंचे.

Jun 3, 2026 - 11:43
Jun 3, 2026 - 11:44
 0  1
'पात्र लोगों को हर हाल में मिले सरकारी योजनाओं का लाभ', जनता दर्शन में सीएम योगी का बड़ा संदेश

गोरखपुर दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में लोगों से सीधा संवाद किया. इस दौरान उन्होंने करीब 200 फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि सरकार की प्राथमिकता हर जरूरतमंद तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है. उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशीलता के साथ कार्य करने और जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा.

हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ

जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार समाज के सभी वर्गों के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है. आवास, शिक्षा, विवाह सहायता, पेंशन और स्वास्थ्य सेवाओं जैसी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र नागरिकों के आवेदन जल्द तैयार कराए जाएं ताकि उन्हें योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके.

समस्याओं के समाधान पर दिया जोर

कार्यक्रम में पहुंचे लोगों ने अपनी व्यक्तिगत और सामाजिक समस्याएं मुख्यमंत्री के सामने रखीं. मुख्यमंत्री ने सभी प्रार्थना पत्र संबंधित विभागों और अधिकारियों को भेजते हुए कहा कि हर शिकायत का निष्पक्ष और संतोषजनक निस्तारण होना चाहिए. उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि जनता की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए और समाधान में अनावश्यक देरी न हो.

इलाज के लिए आर्थिक सहायता का भरोसा

जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक मदद की मांग लेकर पहुंचे थे. मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि आर्थिक तंगी किसी के उपचार में बाधा नहीं बनने दी जाएगी. उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि मरीजों के इलाज का अनुमानित खर्च जल्द तैयार कर शासन को भेजा जाए ताकि आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराई जा सके.

शिकायतों पर जांच और कार्रवाई के निर्देश

कार्यक्रम में जौनपुर से आई एक महिला ने एक संस्था पर फर्जी प्रमाण पत्र जारी करने का आरोप लगाया. मुख्यमंत्री ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए. वहीं भूमि कब्जे से संबंधित शिकायतों पर उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा कि किसी भी दबंग द्वारा अवैध कब्जे की कोशिश होने पर सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.

बच्चों को दुलार, गोशाला में की गोसेवा

जनता दर्शन में अपने परिजनों के साथ आए बच्चों से मुख्यमंत्री ने आत्मीयता से मुलाकात की. उन्होंने बच्चों को पढ़ाई के लिए प्रेरित किया और चॉकलेट वितरित कीं. इसके बाद मुख्यमंत्री गोरखनाथ मंदिर की गोशाला पहुंचे, जहां उन्होंने गायों को गुड़ और रोटी खिलाई. साथ ही गोशाला के कर्मचारियों को गोवंश की बेहतर देखभाल और व्यवस्थाओं को मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए.

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow