थाना फेस 2 नोएडा में बड़ी लापरवाही पर गिरी गाज, दिल्ली से चोरी ट्रक का मामला दबाने पर SOG प्रभारी समेत 6 पुलिसकर्मी निलंबित
जेएमबी न्यूज़
नोएडा :- गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट पुलिस ने लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर सख्त एक्शन लिया है। चोरी के ट्रक की बरामदगी को 5 दिनों तक आलाधिकारियों से छिपाने के आरोप में डीसीपी सेंट्रल नोएडा डॉ. प्रवीण रंजन सिंह ने थाना फेस-2 के SOG प्रभारी समेत 6 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
दीपावली से एक दिन पहले बरामद हुआ था ट्रक
सूत्रों के अनुसार, फेस-2 थाना की SOG टीम ने दीपावली से ठीक एक दिन पहले दिल्ली से चोरी हुआ सामान से लदा ट्रक थाना क्षेत्र से बरामद किया था। नियमानुसार टीम को तुरंत इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को देकर ट्रक को थाने के मालखाने में दाखिल करना था, लेकिन ऐसा नहीं किया गया।
SOG टीम ने करीब 5 दिन तक इस पूरी बरामदगी को दबाए रखा। इसी लापरवाही के चलते ट्रक को थाने में दाखिल करने में हुई देरी का फायदा उठाकर आरोपी चालक पुलिस की हिरासत से फरार हो गया।
दिल्ली पुलिस के फोन से खुला पूरा राज
मामले का खुलासा तब हुआ जब दिल्ली पुलिस ने चोरी गए ट्रक की तलाश में नोएडा पुलिस से संपर्क किया। जांच में सामने आया कि ट्रक तो 5 दिन पहले ही बरामद हो चुका है, लेकिन फेस-2 पुलिस ने इसकी कोई एंट्री तक नहीं की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने सख्त नाराजगी जताई और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। कमिश्नर के निर्देश पर डीसीपी सेंट्रल ने जांच कर 6 पुलिसकर्मियों पर गाज गिरा दी।
इन पुलिसकर्मियों पर हुई कार्यवाही हुई
1.उपनिरीक्षक धर्मेंद्र सिंह (SOG प्रभारी)
2.उपनिरीक्षक विकास सिकरवार
3.हेड कांस्टेबल आशीष कुमार
4.हेड कांस्टेबल जुबेर रिजवी
5.कांस्टेबल भूदेव
6.कांस्टेबल आशू
डीसीपी सेंट्रल ने बताया कि पूरे प्रकरण की विभागीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं। लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
What's Your Reaction?