CrimeDelhiDelhi & NCR

पूर्व क्रिकेटर मनोज प्रभाकर की पत्नी को ठक-ठक गैंग ने बनाया अपना शिकार

नई दिल्ली : देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कानून व्यवस्था का दावा करने वाली पुलिस के दावों पर आये दिन सवाल खड़े हो रहे हैं। आये दिन ठक-ठक गैंग लोगों को अपना शिकार बना रहा है। इस बार ठक-ठक गैंग ने पूर्व क्रिकेटर मनोज प्रभाकर की पत्नी को शिकार बनाया है। दिल्ली के साकेत इलाके में ठक-ठक गैंग के सदस्यों ने कार ड्राइव कर रहीं फरहीन का ध्यान भटकाया और उनका मोबाइल लेकर रफूचक्कर हो गए।

पुलिस के मुताबिक, सर्वप्रिय विहार में रहने वालीं फरहीन प्रभाकर अपनी लैंड रोवर कार से डीएलएफ मॉल साकेत की ओर जा रहीं थीं। एक रेड लाइट पर उन्होंने अपनी कार रोकी। इसी दौरान एक लड़के ने उनकी कार की फ्रंट पैसेंजर सीट की तरफे से विंडो पर नॉक किया। लड़का उनसे कुछ कहने के अंदाज में इशारा कर रहा था। उन्होंने उस ओर का शीशा नीचे किया, तभी दूसरे लड़के ने उनकी ड्राइविंग सीट की ओर से शीशे पर नॉक किया। उन्होंने दूसरी तरफ का शीशा ऊपर किए बिना, ड्राइविंग साइड के शीशे को नीचे उतारा। इतनी ही देर में पैसेंजर साइड की तरफ से नॉक करने वाला लड़का फ्रंट सीट पर रखा उनका पर्स और मोबाइल लेकर फरार हो गया।

फरहीन की मानें तो घटना के समय आसपास कई लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने भी उनकी मदद नहीं की। घटना के बाद उन्होंने पुलिस को फोन किया। घटना के बाद से फरहीन सदमे में है। बहरहाल, पुलिस ने फरहीन की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Tags

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Close