Breaking NewsGameNationalSports
Commonwealth Games 2022 : 61 पदक हासिल कर भारत चौथे स्थान पर, जानिए कैसा रहा प्रदर्शन

नई दिल्ली : 11 दिनों में हजारों एथलीट्स के शानदार परफॉर्मेंस और कड़ी टक्कर के बाद आखिरकार बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों का आधिकारिक समापन हो चुका है। अब 2026 में यह खेल ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया में खेले जाएंगे। समापन समारोह में भारत के अचंता शरत कमल और निकहत जरीन ध्वजवाहक रहे। वहीं, बैंड द्वारा कई शानदार परफॉर्मेंस भी देखने को मिले।
इस बार के राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन शानदार रहा। 22 स्वर्ण, 16 रजत और 23 कांस्य समेत कुल 61 पदकों के साथ भारत चौथे स्थान पर रहा। वहीं, ऑस्ट्रेलिया 67 स्वर्ण, 57 रजत और 54 कांस्य समेत कुल 178 पदकों के साथ पहले स्थान पर रहा। इंग्लैंड 57 स्वर्ण, 66 रजत और 53 कांस्य समेत 176 पदकों के साथ दूसरे और कनाडा 26 स्वर्ण, 32 रजत और 34 कांस्य समेत 92 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
बर्मिंघम के अलेक्जेंडर स्टेडियम में कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 के समापन समारोह के दौरान टीम इंडिया के ध्वजवाहक अचंता शरत कमल और निकहत जरीन ने टीम का नेतृत्व किया। शरत ने बर्मिंघम में टेबल टेनिस में चार पदक जीते। इनमें तीन स्वर्ण पदक शामिल है। वहीं निकहत ने बॉक्सिंग में स्वर्ण जीता।