Greater Noida की इशिता किशोर बनी UPSC Topper, कहा- मेरे लिए ये सपने के सच होने जैसा

ग्रेटर नोएडा : यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन यानी यूपीएससी (UPSC) ने सिविल सर्विस एग्जाम के नतीजे जारी किए। परीक्षा में इस बार टॉप 10 में से करीब 6 लड़कियों ने जगह पाई है। इशिता किशोर को पहली रैंक मिली है। टॉप 10 लिस्ट में महिला उम्मीदवारों की बात करें तो इशिता किशोर के बाद क्रमशः गरिमा लोहिया, उमा हरीती एन, स्मृति मिश्रा, गहना नव्या जेम्स, कनिका गोयल का नाम दर्ज है।
सिविल सेवा परीक्षा 2022 में टॉप करने वाली इशिता किशोर मूल रूप से बिहार की रहनेवाली है और उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन किया है। यूपीएससी CSE में पहली रैंक हासिल करने वाली इशिता किशोर एक वायु सेना अधिकारी की पुत्री हैं। यूपीएससी टॉपर की उम्र 26 साल है।
अपनी इस कामयाबी के बाद इशिता ने कहा कि सिविल सेवा परीक्षा में प्रथम स्थान मिलना उनके लिए सपने के सच होने जैसा है। उन्होंने पीटीआई-भाषा से कहा कि भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी बनने के बाद वह महिला सशक्तिकरण की दिशा में काम करेंगी। उन्होंने कहा मैं पहला स्थान पाकर बहुत खुश हूं। यह मेरे लिए सपने के सच होने जैसा है।
किशोर ने अपने तीसरे प्रयास में यह कामयाबी हासिल की। उन्होंने लगातार प्रोत्साहित करने के लिए अपने परिवार के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि मैं अपने परिवार की बहुत आभारी हूं। जब मैं पहले दो प्रयासों में सिविल सेवा परीक्षा पास नहीं कर पाई तो मेरे साथ खड़े रहे। उन्होंने मुझे बहुत प्रोत्साहित किया।
दो भाई-बहनों में सबसे छोटी किशोर ने कहा कि वह परीक्षा की तैयारी के लिए प्रति दिन कम से कम आठ-नौ घंटे पढ़ाई करती थी। उन्होंने कहा कि यह कामयाबी मेरी कड़ी मेहनत का परिणाम है। किशोर के पिता वायु सेना के अधिकारी थे और उनकी मां एक निजी स्कूल में अध्यापिका हैं। उनके बड़े भाई वकील हैं। उन्होंने कहा कि मैंने भारतीय प्रशासनिक सेवा का विकल्प चुना है। मैंने उत्तर प्रदेश कैडर के लिए अपनी प्राथमिकता दी है।