जेवर गैंगरेप मर्डर मामला : मुठभेड़ के बाद पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार, 2 फरार
ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा के जेवर में हुए गैंगरेप मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी चार आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। हालांकि दो आरोपी पुलिस के चंगुल से बच निकलने में कामयाब रहे। बता दें कि 25 मई की रात बदमाशों ने जेवर से बुलंदशहर जानेवाली है स्टेट हाईवे पर एक ही परिवार की चार महिलाओं के साथ गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया था।
बता दें कि पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ यमुना एक्सप्रेस वे के बेगमाबाद के पास हुई, जिसके बाद पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि दो आरोपी मौके से फरार होने में सफल हो गए। पुलिस मुठभेड़ में एक आरोपी को गोली लगी है, जिसे दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में अशोक, दीपक, राजवीर और राकेश है, जिसमें राजीव उर्फ अशोक को गोली लगी है। पुलिस के मुताबिक अशोक दिल्ली के नजफगढ़ का रहने वाला है। पुलिस ने यह भी बताया कि इस वारदात को बावरिया गिरोह ने अंजाम दिया था, जिसमें चार महिलाओं के साथ गैंगरेप और एक शख्स की हत्या कर दी गई थी।