Breaking NewsNationalState
9 साल के बाद जेल से बाहर निकले कर्नल पुरोहित तो कहा ‘जय हिंद’
नई दिल्ली : मालेगांव ब्लास्ट मामले में आरोपी कर्नल श्रीकांत प्रसाद पुरोहित को आखिरकार जेल से रिहा कर दिया गया है। आपको बता दें कि इस मामले में कर्नल पुरोहित 9 सालों से जेल में बंद थे। जेल से रिहा होने के बाद उनको लेने के लिए सेना के कई अधिकारी जेल में पहुंचे थे। वहीँ जेल से बाहर आने के बाद कर्नल पुरोहित ने पूरे जोश खरोश के साथ जय हिंद कहा और कहा कि आर्मी की तरफ से मुझे जो भी आदेश दिया जाएगा मैं उसका पालन करुंगा।
नवी मुंबई की तालोजा जेल से रिहा होने के बाद कर्नल श्रीकांत प्रसाद पुरोहित काफी खुश हैं और वह आगे भी देश की सेवा करना चाहते हैं। बाहर आने के बाद वह पुणे अपने घर जाएंगे, जहां वे अपने परिवार और पालतू कुत्ते से मिलेंगे। पुरोहित को सशर्त जमानत दी गई है, वह बिना कोर्ट की अनुमित के विदेश नहीं जा सकेंगे।
बता दें कि 29 सितंबर, 2008 में महाराष्ट्र के मालेगांव में हुए ब्लास्ट में 6 लोग मारे गए थे, जबकि 79 लोग गंभीर रुप से घायल हुए थे। इस मामले में दायर की गई चार्जशीट में 14 आरोपियों के नाम थे। ब्लास्ट के लिए आरडीएक्स देने और साजिश रचने के आरोप में साध्वी प्रज्ञा और कर्नल प्रसाद पुरोहित को गिरफ्तार कर लिया गया था।