Breaking Newsउत्तर प्रदेश
सीएम बनने के बाद योगी आदित्यनाथ का दूसरा अयोध्या दौरा, जानिए दौरे की बड़ी बातें

अयोध्या : सीएम बनने के बाद आज दूसरी बाद योगी आदित्यनाथ अयोध्या पहुंचे। सरकार गठन के लगभग चार महीने बाद सीएम योगी का ये दूसरा अयोध्या दौरा है। यहां उन्होंने परमहंस रामचंद्र दास की श्रद्धांजलि सभा में हिस्सा लिया। इसके बाद दिगंबर अखाड़े में पहुंचे योगी ने संतों को संबोधित करते हुए कहा कि रामचंद्र परमहंस गुरू समान हैं। पूरी दुनिया में भारत की पहचान राम और बुद्ध के आधार पर है। हर साल हम अपने गांव में रामलीला का आयोजन कराते हैं। जहां भी रामलीला होती है, उसे देखने के लिए लोगों की भीड़ इकट्ठा होती है। गोरक्षपीठ का संबंध राम मंदिर आंदोलन से रहा है। मैं पहले राम भक्त हूं। मैं बार-बार अयोध्या आया हूं और आता रहूंगा। मेरे यहां आने में किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए।
याेगी ने आगे कहा कि अयोध्या, काशी ने दुनिया को संस्कृति दी है। देश को एक पहचान दी है। राम की कथा सुनकर तो हर व्यक्ति को परम आनंद मिलता है। भगवान राम की महिमा पूरे विश्व में सुनाई जाती है। हालांकि, अयोध्या उपेक्षित रही है। भारत की पहचान के प्रतीकों को उपेक्षित किया गया है, लेकिन मोदी जी के नेतृत्व में सरकार का गठन होने के बाद ये फैसला हुआ कि देश में रामायण सर्किट बन सकता है। भारत को समझने वाला व्यक्ति ही भारत के विकास की नींव डाल सकता है। अयोध्या के घाटों के पुनरूद्धार की व्यवस्था होनी है। योगी ने संतों से कहा कि सकारात्मक राजनीति से ही राम मंदिर का हल निकलेगा। सरयू की स्वच्छता का संत ख्याल रखें। आपकी इच्छा के हिसाब से हीं सरकार काम करेगी।