चंडीगढ़ छेड़छाड़ मामला : पुलिस ने बीजेपी अध्यक्ष के बेटे को किया गिरफ्तार, जारी किया गया था समन
चंडीगढ़ : चंडीगढ़ में आईएएस अधिकारी की बेटी के साथ हुई हाई प्रोफाइल छेड़छाड़ मामले में पुलिस ने हरियाणा बीजेपी अध्यक्ष सुभाष बराला के बेटे विकास बराला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने विकास के दोस्त आशीष को भी गिरफ्तार किया है, जो इस मामले में आरोपी है। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी पुलिस से समन मिलने के बाद चंडीगढ़ सेक्टर-26 थाने में पेशी के लिए आए थे। दोनों आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 354D, 341 और 34 के तहत केस दर्ज किया गया था। अब भारी दबाव के बीच पुलिस ने उनके खिलाफ गैर-जमानती धाराएं 365 और 511 को भी जोड़ दिया है।
जानकारी के मुताबिक, चंडीगढ़ पुलिस ने पूछताछ के लिए आरोपी विकास बराला और उसके दोस्त आशीष को समन जारी किया था। इसमें आज 11 बजे से उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया गया था। विकास ने समन लेने से इंकार कर दिया, तो उसके सेक्टर-7 स्थित घर पर पुलिस ने समन चिपका दिया था , लेकिन आज 11 बजे तक आरोपी थाने नहीं पहुंचे तो चंडीगढ़ पुलिस ने हरियाणा के टोहाना जिले में स्थित बराला के फार्म हाउस पर छापा मारा था।