दिल्ली पुलिस के हत्थे चढ़ी शातिर महिला तस्कर, पुलिस को 15 सालों से थी इसकी तलाश
नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने एक शातिर महिला तस्कर को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। बताया जा रहा है कि इस महिला तस्कर की दिल्ली पुलिस को पिछले 15 सालों से तलाश थी। जिस महिला तस्कर को पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया है, वो हथियारों की तस्करी में लिप्त थी। आरोपी की पहचान जिला, बरवानी मध्यप्रदेश निवासी मोबाई (45) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, मोबाई 15 वर्षों से दिल्ली-एनसीआर व पश्चिमी यूपी में हथियार सप्लाई कर रही थी। 2014 में स्पेशल सेल ने उसे नौ पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया था। मामले में वह कभी कोर्ट में पेश नहीं हुई। पटियाला हाउस कोर्ट ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था।
महिला के मुताबिक, वह धार (एमपी) के एक अवैध हथियार निर्माता से पिस्टल लेकर दिल्ली आती थी और यहां से वह हथियार लेकर दिल्ली-एनसीआर के अलावा पश्चिमी यूपी के बदमाशों को अपने बाकी सदस्यों के जरिये सप्लाई करती थी।
मोबाई के अनुसार, वह 15 वर्षों से हथियार तस्करी कर रही है, लेकिन आज तक वह दिल्ली में सिर्फ एक बार पकड़ी गई है। मध्यप्रदेश में उसके खिलाफ वेस्ट वार्ला और सागर थाने में दो मामले दर्ज हैं।